राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी संकल्प सत्याग्रह  

News Hindi Samachar
नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता रविवार को महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एकदिवसीय सत्याग्रह कर रहे। पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए यह संकल्प सत्याग्रह सभी प्रांतों एवं जिलों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के समक्ष होगा। यह सुबह 10 बजे से शुरू आरंभ होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के कई अन्य नेता दिल्ली में राजघाट पर आयोजित संकल्प सत्याग्रह में शामिल होंगे। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, जहां हमने त्रुटियां पाई हैं वहां हमें उम्मीद है कि हाई कोर्ट से राहत मिलेगी। न्यायपालिका में हमें विश्वास है। यह मामला सिर्फ उस फैसले के बारे में नहीं, भारत के लोकतंत्र पर क्या प्रभाव पड़ रहा है उसपर है। क्या लोकतंत्र में ऐसा होना चाहिए? कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उन्हें दबाने के लिए ये मानहानि के केस का तमाशा कर रहे हैं।…ये एक साजिश है जिसके खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर राजघाट पर पार्टी के संकल्प सत्याग्रह में शामिल हुए। संसद सदस्य के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता के विरोध में कांग्रेस पार्टी राजघाट पर एक दिवसीय संकल्प सत्याग्रह कर रही है। केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनका अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने यह फैसला मोदी उपनाम संबंधी टिप्पणी को लेकर दिया था। राहुल गांधी ने दावा किया है कि उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य इसलिए ठहराया गया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बात से डरे हुए थे कि संसद में उनका (राहुल) अगला भाषण भी अडाणी मामले पर होने वाला था। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश इकाइयों को भेजे पत्र में कहा, न्याय की इस लड़ाई में राहुल गांधी अकेले नहीं हैं, लाखों कांग्रेसी और करोड़ों लोग उनके साथ खड़े हैं। हम अपने नेता और उनकी निडर लड़ाई के समर्थन में सत्याग्रह करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बेलारूस में परमाणु हथियार तैनात करेगा रूस, यूक्रेन से जंग के बीच व्लादिमीर पुतिन का बड़ा ऐलान

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पड़ोसी देश बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियारों की तैनाती करने की अपनी योजना की घोषणा की। इस घोषणा को यूक्रेन में सैन्य सहयोग बढ़ा रहे पश्चिमी देशों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। अधिक शक्तिशाली, लंबी दूरी के […]
बेलारूस में परमाणु हथियार तैनात करेगा रूस, यूक्रेन से जंग के बीच व्लादिमीर पुतिन का बड़ा ऐलान

You May Like