राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विस अध्यक्ष ने हरेला की दी शुभकामनाएं, पौध लगाने की अपील

News Hindi Samachar
देहरादून: राज्यपाल और मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने लोकपर्व हरेला की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। सरकार की ओर से हरेला पर्व पर 15 लाख पौध लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा है कि यह पर्व उत्तराखण्ड की लोक परम्पराओं और लोक संस्कृति से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का महोत्सव है। हमें उत्तराखण्ड की पर्यावरण हितैषी परम्पराओं को आगे बढ़ाना है और हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के संदेश के प्रति लोगों को जागरूक करना है। वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग तथा प्रदूषण बढ़ने के कारण पर्यावरण संरक्षण का महत्व बढ़ गया है। राज्यपाल ने पर्यावरण को बचाने के लिये सभी लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यावरण को समर्पित लोक पर्व ‘‘हरेला‘‘ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक परम्परा का प्रतीक है। यह पर्व हमें सम्पन्नता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का भी सन्देश देता है। पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति को महत्व देने की हमारी परम्परा रही है। हमारी आने वाली पीढ़ी को शुद्ध वातावरण मिल सके इसके लिए सबको पौधरोपण व पर्यावरण संरक्षण के प्रति ध्यान देना होगा। ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से आज दुनिया भर के देश चिंतित हैं। यह पर्व ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ लड़ने का भी संदेश देता है। हमें व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के साथ उनके संरक्षण के प्रति भी ध्यान देना होगा। हरेला पर्व पर हमें पर्यावरण बचाने का संकल्प लेना होगा: विस अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने आने वाली पीढ़ी को अच्छा पर्यावरण मिले इसके लिए हरेला पर्व पर हमें संकल्प लेने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड चिपको आंदोलन की भूमि है और यहां से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी संदेश जाना चाहिए। देवभूमि अपने तीर्थ स्थलों के कारण दुनिया भर में प्रसिद्ध है। वहीं यहां की संस्कृति में जितनी विविधता दिखाई देती है, शायद कहीं और नहीं है। हरेला पर्व सीधे तौर पर प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाने की भूमिका में नजर आता है। मानव के तन-मन में हरियाली हमेशा से ही प्रफुल्लता का भाव संचारित करती आई है। हरेला पर्व पर उत्तराखंड सरकार 15 लाख पौध लगाने का लक्ष्य रखा है जिसमें 50 फीसदी फलदार पौध लगाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम देहरादून के रायपुर क्रिकेट स्टेडियम के समीप हरेला महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री व वन मंत्री उत्तराखंड की गरिमामयी उपस्थिति में वन विभाग उत्तराखंड की ओर से भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत संपूर्ण उत्तराखंड के 13 जिलों में हरेला उत्सव की अंतर्गत किए जा रहे हैं। पौधरोपण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। संबंधित जिले में मंत्री और विधायक अपने अपने क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में कांग्रेस व बसपा के 44 नेता भाजपा में शामिल

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बाहरी संगठनों के कार्यकर्ताओं का शामिल होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को कांग्रेस और बसपा के वरिष्ठ नेताओं ने 44 वरिष्ठ राजनेताओं व दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में […]
मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में कांग्रेस व बसपा के 44 नेता भाजपा में शामिल

You May Like