देश के लिए अपना प्यार साबित करने के वास्ते हमें किसी दुश्मन की जरुरत नहीं: कबीर खान

News Hindi Samachar

नयी दिल्ली। निर्देशक कबीर खान का कहना है कि वह मौजूदा दौर में बॉलीवुड फिल्मों में प्रदर्शित किए जाने वाले राष्ट्रवाद के ब्रांड को लेकर हमेशा से ही ‘‘बेहद असहज’’ रहे हैं क्योंकि उनका मानना है कि देश के लिए अपने प्यार को साबित करने के वास्ते हमें किसी शत्रु की जरुरत नहीं है।

कबीर ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म 83 में इस भावना को स्पष्ट रूप से दिखाया गया है कि हमें अपने देश के प्रति प्यार और लगाव को साबित करने के लिए किसी शत्रु की जरुरत नहीं है।

निर्देशक ने कहा कि 83 में उस भारत को दिखाया गया है, जिसमें राष्ट्र के प्रति प्रेम प्रदर्शित करने के लिए नारेबाजी और किसी अन्य चीज की जरुरत महसूस नहीं होती। उनका मानना है कि मौजूदा हिंदी फिल्मों में यह विचार पूरी तरह से गायब है।

कबीर खान ने पीटीआई-को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस धर्म से आते हैं, आप क्या खाना खाते हैं, आप कौन सी बोलते हैं या आप किस जाति से हैं। अगर आप एकजुट होकर खेलते हैं, तो आप विश्व कप जीत सकते हैं।’’ यह फिल्म 1983 के क्रिकेट विश्व कप में कपिल देव की कप्तानी में भारत की जीत पर आधारित है, जिसमें भारत ने फाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह ने कपिल देव का किरदार निभाया है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक ने कहा कि 83 एक ऐसी फिल्म है, जिसमें राष्ट्रवाद की बजाय देशभक्ति की भावना को दिखाया गया है। कबीर खान ‘न्यूयॉर्क’, ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

कबीर खान (53) ने कहा, ‘‘ मौजूदा दौर में हमारी फिल्मों में जिस तरह राष्ट्रवाद की भावना को दिखाया जा रहा है, उसे लेकर मैं हमेशा से ही बेहद असहज रहा हूं। देशभक्ति और राष्ट्रवाद में अंतर है। मेरा मानना है कि देशभक्ति तब होती है जब आप अपने देश के लिए कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए आपको अपनी ऊर्जा को केंद्रित करने के लिए किसी दुश्मन की जरुरत नहीं होती है। देश के लिए अपने प्यार को साबित करने के लिए आपको किसी दुश्मन की जरूरत नहीं है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हिंदुत्ववादी हमेशा नफरत, हिंसा फैलाते हैंः राहुल गांधी

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि ‘हिंदुत्ववादी हमेशा नफरत और हिंसा फैलाते हैं’ और सभी समुदायों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि भारत हिंसा के खिलाफ है और यह अब और नहीं होनी चाहिये। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने 17 से 20 […]
हिंदुत्ववादी हमेशा नफरत, हिंसा फैलाते हैंः राहुल गांधी

You May Like