गुणवत्ता से समझौता नहीं, दून को आदर्श सिटी के लिए बनाएं कार्ययोजना : मुख्यमंत्री

News Hindi Samachar
देहरादून: मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से कहा कि आगामी 50 वर्षों की स्थितियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं। स्मार्ट सिटी के कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने तय समय सीमा में और तेजी के साथ कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि दून को आदर्श सिटी बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम करें। गुरुवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 50- वर्षों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट सिटी के अधिकारी कार्य को करें। देहरादून को आदर्श शहर बनाने के लिए और क्या किया जा सकता है, इसकी पूरी कार्ययोजना बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। शहर की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जन प्रतिनिधियों के जो भी सुझाव आये हैं,उन सभी सुझावों पर क्या उचित समाधान निकाले जा सकते हैं, इस पर ध्यान दिया जाए। निकायों को मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जाए। ऐसी योजनाएं जिनमें केन्द्र और राज्य का अंश क्रमशः 90 एवं 10 के अनुपात में हो उन योजनाओं पर शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर कार्य किये जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता का पैसा जनहित में सही प्लानिंग से उपयोग हो। इसके लिए संबंधित विभाग तालमेल बनाकर कार्य को गति दे। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी सड़के गड्ढ़ा मुक्त हो। नगर निगम क्षेत्रों में 3.75 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग से करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निकायों को मानव संसाधन की दृष्टि से भी मजबूत बनाने की जरूरत है। स्मार्ट सिटी के तहत जिन कार्यों को पूरा करने के लिए बजट की और आवश्यकता है, उनका प्रस्ताव बनाकर शीघ्र शासन को भेजा जाए। परेड ग्रांउड के लिए मुख्य सचिव अलग से करेंगे बैठक – मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के तहत परेड ग्राउंड में होने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव को अलग से बैठक करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने गढ़वाल कमिश्नर को भी स्मार्ट सिटी के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये। स्मार्ट सिटी के 10 परियोजना पर कार्य पूरा, 12 गतिमान- सीईओ स्मार्ट सिटी सोनिका ने स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देहरादून स्मार्ट सिटी परियोजना को जून 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन 26 परियोजनाओं पर कार्य होना था, उनमें से 10 पूर्ण हो चुके हैं। 4 परियोजनाओं पर अधिकांश कार्य पूरे होने वाले हैं जबकि 12 परियोजनाओं पर कार्य गतिमान है। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल,मेयर सुनील उनियाल गामा,विधायक विनोद चमोली,खजान दास,उमेश शर्मा काऊ,सविता कपूर,मुख्य सचिव डॉ.एस.एस.संधु,अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी,आनन्द बर्द्धन,प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार,अपर सचिव उदयराज सिंह व संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

धामी की बुजुर्गों को सम्मान देने की कार्यप्रणाली बनेगी प्रेरणादायी,स्वतंत्रता सेनानी ने लिखा पत्र

देहरादून: मुख्यमंत्री की बुजुर्गों को सम्मान देने की कार्यप्रणाली अनुकरणीय,प्रशंसनीय के साथ समाज के लिए प्रेरणादायी बनेगी। इसी क्रम में कन्नौज निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामप्यारी (102) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर 13 अक्टूबर को आईएसबीटी देहरादून में उनका आत्मीय सम्मान करने के लिए आभार व्यक्त किया […]
धामी की बुजुर्गों को सम्मान देने की कार्यप्रणाली बनेगी प्रेरणादायी,स्वतंत्रता सेनानी ने लिखा पत्र

You May Like