टीसीएस के मुनाफे में 15% का उछाल, दूसरी तिमाही में 13,884 करोड़ रुपये की कमाई

News Hindi Samachar

टीसीएस ने बाजार अनुमानों को पछाड़ा, तीन महीने में 4,258 नए कर्मचारी भी जोड़े

नई दिल्ली। देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में टीसीएस को 12,075 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी ने 13,349 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस तरह तिमाही आधार पर भी कंपनी के शुद्ध लाभ में करीब 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी के वित्तीय नतीजों के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान परिचालन आय 11.22 प्रतिशत बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 65,799 करोड़ रुपये थी। कंपनी के सबसे बड़े बाजार उत्तरी अमेरिका में स्थिर मुद्रा आधार पर राजस्व में 1.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, भारत छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ कंपनी का सबसे तेजी से बढ़ने वाला बाजार रहा।

एआई कारोबार से भी बढ़ी कमाई

टीसीएस के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का एआई राजस्व बढ़कर 3.1 अरब डॉलर हो गया, जबकि अप्रैल-जून तिमाही में यह 2.6 अरब डॉलर था। कंपनी के कारोबार में एआई से जुड़ी सेवाओं की बढ़ती भूमिका को इस प्रदर्शन का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

कंपनी ने अपने शेयरधारकों को लाभ पहुंचाने के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 12 रुपये के दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा की है। बेहतर वित्तीय नतीजों के साथ लाभांश के इस फैसले से निवेशकों का ध्यान कंपनी के प्रदर्शन पर केंद्रित रहेगा।

तीन महीने में 4,258 नए कर्मचारी जुड़े

टीसीएस ने कर्मचारियों की संख्या के मोर्चे पर भी विस्तार किया है। पिछले तीन महीनों के दौरान कंपनी ने शुद्ध आधार पर 4,258 नए कर्मचारियों को जोड़ा। इसके साथ ही 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,98,056 हो गई।

कंपनी के आईटी सेवा कारोबार में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर 13.3 प्रतिशत पर स्थिर रही। टीसीएस के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी सुदीप कुन्नुमल ने कहा कि कंपनी कर्मचारियों के कौशल को बेहतर बनाने और उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।

Next Post

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम की नजर अब दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करने […]
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

You May Like