रूस ने मौत के सौदागर विक्टर बाउट के बदले अमेरिका की बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी को छोड़ा

News Hindi Samachar
वाशिंगटन: अमेरिका की बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी ग्राइनर को रूस ने रिहा कर दिया है। इसके बदले में रूस के हथियार व्यापारी विक्टर बाउट को अमेरिका ने रिहा किया है। रूसी जेल में बंद अमेरिकी नागरिक पाल व्हीलन को रिहा कराने में अमेरिका फिलहाल विफल रहा। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि ब्रिटनी सुरक्षित हैं। वह विमान में हैं और अपने घर जा रही हैं। बाइडन ने यह बात व्हाइट हाउस में ब्रिटनी की पत्नी कैरेल के साथ मीडिया से बातचीत में कही। उल्लेखनीय है कि ब्रिटनी समलैंगिक हैं। यह बात उन्होंने 2013 में एक साक्षात्कार में सार्वजनिक की थी। ये रिहाई यूक्रेन युद्ध के दौरान ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और रूस अप्रत्यक्ष रूप से एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। बंदियों की इस अदला-बदली से यह बात भी साबित हुई है कि दोनों महाशक्तियों के बीच पर्दे के पीछे बातचीत जारी है। यह स्थिति विश्व शांति के लिए अच्छे संकेत हैं। ब्रिटनी दो बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं। उनकी गिरफ्तारी रूस में नशीला पदार्थ लेकर जाने पर हुई थी। बाद में अमेरिका ने कहा था कि रूस में जिसे नशीला पदार्थ माना जाता है उस पर अमेरिका और कई अन्य देशों में प्रतिबंध नहीं है। इस कारण ब्रिटनी गलतफहमी में उक्त पदार्थ लेकर रूस पहुंच गई थीं। ब्रिटनी करीब आठ महीने रूसी कारागार में रहीं। बाइडन प्रशासन ने बदले में बदनाम हथियार व्यापारी बाउट को रिहा किया है। बाउट को एक समय मौत का सौदागर भी कहा जाता था। वह दुनिया के कई अशांत क्षेत्रों में हथियारों की आपूर्ति के लिए बदनाम रहा है। रूसी विदेश मंत्रालय ने इस अदला-बदली की पुष्टि की है। बताया गया है कि कैदियों की अदला-बदली यूएई की राजधानी अबूधाबी में हुई। रिहाई के बाद बाउट भी विमान से अपने घर के लिए रवाना हो गए। अमेरिका के एक अन्य नागरिक पाल व्हीलन जासूसी के आरोप में दिसंबर 2018 से रूसी जेल में बंद हैं। उनकी रिहाई के संबंध में दोनों देशों के बीच कोई बात नहीं हुई है। अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी और रूसी हथियार कारोबारी बाउट की रिहाई यूएई के राष्ट्रपति मुहम्मद बिन जाएद अल नाह्यान और सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान के प्रयास से संभव हुई। दोनों नेताओं के अमेरिका और रूस के बड़े नेताओं ने अच्छे रिश्ते हैं। दोनों देशों के संयुक्त बयान में यह बात कही गई है। दोनों बंदियों को निजी विमानों से अबूधाबी लाया गया और वहीं पर उनकी अदला-बदली हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राष्ट्रीय पार्टी बनने पर आप कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दी बधाई

हरिद्वार: आम आदमी पार्टी (आप) की एक बैठक पार्टी विधानसभा कार्यालय रानीपुर में हुई, जिसमें आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनने पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरिद्वार अनिल सती ने कहा कि मात्र 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी ने दो […]
राष्ट्रीय पार्टी बनने पर आप कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दी बधाई

You May Like