गंगा में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 लोग डूबे, चार को बचाया, एक का शव बरामद

News Hindi Samachar

छह लोग अब भी लापता

पटना। बिहार के पटना जिले में करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में अलग-अलग जगहों पर बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ अनुमंडल के बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। इनमें चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं, छह लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

बाढ़ में मूर्ति विसर्जन के बाद स्नान करना पड़ा भारी

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए।

लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पीयूष करमा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने के लिए घाट पर गया था। विसर्जन के बाद कुछ युवकों ने गंगा में स्नान करने का फैसला किया। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन पीयूष और सुजीत का पता नहीं चल सका। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को सूचना देने के साथ स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।

अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। यहां गंगा में मूर्ति विसर्जन करने के दौरान भाई-बहन डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है और नदी में रेस्क्यू अभियान जारी है।

बख्तियारपुर में छह युवक डूबे, एक का शव बरामद

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास भी करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में छह युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक पानी में लापता हो गए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का पुत्र था।

वहीं, नदी में लापता दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार, छह युवक मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा घाट पहुंचे थे। इनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक का शव बरामद हुआ है। दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

Next Post

मीराबाई चानू ने किया कमाल, 198 किलो उठाकर रचा इतिहास, एशियाड में भारत को दिलाया रजत पदक

भारोत्तोलन में भारत को 28 साल बाद मिला पदक नई दिल्ली। भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 49 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। मीराबाई ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क में कुल 198 किलोग्राम वजन […]
मीराबाई चानू ने किया कमाल, 198 किलो उठाकर रचा इतिहास, एशियाड में भारत को दिलाया रजत पदक

You May Like