‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर रिलीज, शादी के लिए घर जमाई बनेंगे आयुष्मान खुराना

News Hindi Samachar

आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है। फिल्म का शानदार ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसमें प्यार, शादी और पारिवारिक रिश्तों के बीच होने वाली खींचतान को दिलचस्प अंदाज में दिखाया गया है। ट्रेलर में आयुष्मान और शरवरी अपनी शादी के लिए दोनों परिवारों को मनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कहानी में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब शादी के बाद रहने की व्यवस्था को लेकर दोनों के सामने नई चुनौती खड़ी हो जाती है।

क्या है फिल्म की कहानी?

करीब पौने चार मिनट के ट्रेलर में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की प्रेम कहानी दिखाई गई है। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन शरवरी की एक शर्त इस रिश्ते को थोड़ा मुश्किल बना देती है। दरअसल, शरवरी अपने घर को छोड़कर ससुराल नहीं जाना चाहतीं। उनके घर में केवल महिलाएं हैं और परिवार की जिम्मेदारियां उन्हीं के कंधों पर हैं। ऐसे में वह अपने परिवार को अकेला छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।

घर जमाई बनने को तैयार हुए आयुष्मान

इस समस्या का समाधान निकालते हुए आयुष्मान खुराना अपने परिवार के साथ शरवरी के घर में रहने यानी घर जमाई बनने का फैसला करते हैं। उनका परिवार इस फैसले के लिए तैयार हो जाता है, लेकिन शरवरी के घरवालों को मनाना इतना आसान नहीं होता। इसके बाद जब आयुष्मान का पूरा परिवार शरवरी के घर पहुंचता है, तो दोनों परिवारों के बीच कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं। आपसी मतभेद, रिश्तों की उलझन और समझौते के बीच कहानी आगे बढ़ती है। आखिरकार दोनों परिवार एक साथ रहने के लिए तैयार हो जाते हैं।

दमदार कलाकारों से सजी है फिल्म

फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, गीता अग्रवाल शर्मा और राजेश कुमार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ट्रेलर में इन सभी कलाकारों की झलक देखने को मिली है। पारिवारिक रिश्तों और हास्य से भरपूर कहानी में अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को खास बनाती है।

इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘ये प्रेम मोल लिया’ का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ पहली बार इस फिल्म के जरिए एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शन्स और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Next Post

उत्तराखंड में 1694 पदों पर भर्ती का ऐलान, 25 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें पूरी डिटेल

पांच साल से पहले नौकरी छोड़ी तो भरना होगा प्रशिक्षण का खर्च देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में पुलिस, पीएसी, अग्निशमन समेत विभिन्न विभागों में कुल 1694 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा […]
उत्तराखंड में 1694 पदों पर भर्ती का ऐलान, 25 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें पूरी डिटेल

You May Like